spot_img

Chandigarh : हरियाणा में निकाय चुनाव की सभी तैयारियां पूरी, रविवार काे मतदान

राज्य में बनाए गए हैं 5126 मतदान केंद्र
चंडीगढ़ : (Chandigarh)
रियाणा में निकाय चुनाव काे लेकर सभी तैयारियां पूरी हाे चुकी हैं। प्रदेश में रविवार काे वाेट डाले जाएंगे। इसके चलते शनिवार काे पाेलिंग पार्टियां मतदान केंद्राें पर पहुंच चुकी हैं। चुनाव आयुक्त ने शनिवार को जहां प्रदेश के जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बातचीत करके दिशा-निर्देश जारी किए, वहीं मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने चंडीगढ़ में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बूथ लेवल एंजेट नियुक्त करने के संबंध में बैठक की।

प्रदेश भर के जिला व उपमंडल मुख्यालयों पर बनाए गए कंट्रोल रूम से पोलिंग पार्टियां चुनावी सामग्री लेकर मतदान केंद्रों पर पहुंच गई। रविवार को सुबह आठ बजे से राज्य में मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में 50 लाख से अधिक मतदाता भाग लेंगे। इनमें लगभग 27 लाख पुरुष, 24 लाख महिला एवं 184 अन्य मतदाता हैं। चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए करीब 25 हजार कर्मचारियों को तैनात किया है। राज्य में 10 हजार ईवीएम लगाई गई हैं। राज्य में कुल 5126 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह (State Election Commissioner Dhanpat Singh) ने बताया कि पानीपत नगर निगम को छोड़कर बाकि नगर निगमों में कुल 46 लाख 5 हजार 447 मतदाता हैं जिनमें से 22 लाख 31 हजार 987 पुरुष, 19 लाख 64 हजार 782 महिला तथा 144 अन्य मतदाता हैं। इन नगर निगमों में कुल 252 वार्ड हैं। नगर परिषदों में कुल 5 लाख 69 हजार 164 मतदाता हैं जिनमें से 2 लाख 95 हजार 901 पुरुष, 2 लाख 73 हजार 239 महिला तथा 24 अन्य मतदाता है। इन नगर परिषदों में कुल 152 वार्ड हैं।

इसी प्रकार सभी नगर पालिकाओं में कुल 3 लाख 34 हजार 895 मतदाता है जिनमें से 1 लाख 74 हजार 647 पुरुष, 1 लाख 60 हजार 229 महिला तथा 16 अन्य मतदाता हैं। इन सभी नगर पालिकाओं में कुल 347 वार्ड हैंं।

नौ नगर निगमों में मेयर (महापौर) के पद के लिए 39 प्रत्याशी मैदान में हैं जिसमें गुरुग्राम एवं अंबाला नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी और भारतीय नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशियों में सीधी टक्कर है। इसी प्रकार पांच नगर परिषदों के प्रधान पद के लिए कुल 27 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 23 नगरपालिकाओं में प्रधान पद के लिए 151 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

रविवार को जिन निकायों में मतदान होगा वहां कुल 393 संवेदनशील एवं 531 अति संवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किये हैं। इन मतदान केन्द्रों पर एक-एक अतिरिक्त पुलिस कर्मी की व्यवस्था की जायेगी तथा मोबाइल पुलिस पार्टी भी इन सभी मतदान केन्द्रों का लगातार दौरा करेगी। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ साथ सभी डयूटी मजिस्ट्रेट के साथ भी वीडियोग्राफी की टीम मौजूद रहेगी ताकि जरूरत पडने पर किसी भी स्थान पर वीडियोग्राफी की जा सके।

Explore our articles