चंडीगढ़: (Chandigarh) पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश के बाद हरियाणा सरकार ने इनेलो नेता अभय चौटाला को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान कर दी है। यह सुरक्षा कवर 25 सितंबर तक उनके साथ रहेगा। इस संबंध में अभय चौटाला की याचिका पर हाई कोर्ट द्वारा दिया गया विस्तृत फैसला आ चुका है और हरियाणा सरकार की तरफ से सरकारी वकील ने भी इस संबंध में शपथ पत्र दाखिल किया है।
अभय चौटाला के पास इस समय चार पीएसओ हैं। परिवर्तन यात्रा के दौरान अभय चौटाला को 17 जुलाई को जींद में धमकी मिली थी। 18 जुलाई को एफआईआर दर्ज होने के बाद हरियाणा सरकार ने उन्हें चार अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी मुहैया करवा दिए। 20 जुलाई को इन सुरक्षा कर्मियों को वापस बुला लिया गया और पहले की तरह चार सुरक्षा कर्मी उनके साथ चलते रहे।
अब हाई कोर्ट के फैसले के बाद सरकार ने उन्हें तीन अन्य सुरक्षा कर्मी मुहैया करवाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अभय को यह अतिरिक्त सुरक्षा कवर 25 सितंबर, 2023 तक मिलेगा। पद यात्रा समाप्त होते ही तीनों सुरक्षा कर्मी वापस चले जाएंगे। इसके अलावा अभय चौटाला को निर्देश दिए गए हैं कि वह एक दिन पहले अपना विस्तृत कार्यक्रम आईजी सिक्योरिटी एंड सीआईडी को भेजें। इस कार्यक्रम के आधार पर जरूरत के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।


