
भुवनेश्वर : ओडिशा के मंत्री नब दास हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रही भाजपा पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा नेताओं की मांग पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले की जांच अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई से कराने को कहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि मामले की जांच ओडिशा क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही और पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। बता दें, नब दास की हत्या की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सदन में भाजपा और कांग्रेस सदस्यों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद विधानसभा को एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया। नवीन पटनायक ने विधानसभा में कहा, ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा की जांच पटरी पर है। मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि देश और विदेशों में सर्वश्रेष्ठ फोरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस अतिसंवेदनशील मामले को लेकर राजनीति की जा हरी है।


