
भुवनेश्वर : (Bhubaneswar) ओडिशा सरकार (Odisha government) ने राज्य के विभिन्न जिलों में अवैध रूप से रह रहे 77 बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान की है। इनमें से 73 को वापस उनके देश भेज दिया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (Chief Minister Mohan Charan Majhi) ने सोमवार को विधानसभा में दी। भाजपा विधायक पद्म लोचन पांडा (BJP MLA Padma Lochan Panda) के प्रश्न के लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय (Union Home Ministry) के निर्देशों के बाद शुरू की गई। गृह मंत्रालय ने दो मई 2025 को राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों को अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान तेज करने का आदेश दिया था। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 2,261 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की जांच की गई। इनमें से 2,184 लोग भारतीय नागरिक पाए गए और उन्हें छोड़ दिया गया। शेष 77 लोगों को अवैध बांग्लादेशी प्रवासी के रूप में चिन्हित किया गया है। इनमें से 73 को निर्वासित कर दिया गया है।


