भोपाल:(Bhopal) मध्यप्रदेश परिवहन राजपत्रित अधिकारी संघ के बैनर तले प्रदेश के परिवहन अधिकारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश आरटीओ संबंधी काम प्रभावित होंगे। संघ की ओर से 3 जून को विज्ञप्ति जारी करके इस हड़ताल की सूचना दी गई थी।
मध्य प्रदेश परिवहन (Gazetted) अधिकारी संगठन ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इससे पहले, संगठन के पदाधिकारी निरंतर मांगों को लेकर परिवहन आयुक्त व शासन स्तर के अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे थे। हड़ताल में परिवहन विभाग में कार्यरत तृतीय वर्ग कर्मचारी भी शामिल रहेंगे। परिवहन अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल से आरटीओ व डीटीओ संबंधी कार्य प्रभावित होना तय है। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
मध्यप्रदेश परिवहन राजपत्रित अधिकारी संघ की प्रमुख मांगों में अनूपपुर परिवहन कार्यालय में की गई कार्रवाई तत्काल वापस ली जाने, परिवहन विभाग के अधिकारियों का वेतन विसंगति समस्या दूर करने, कैडर रिव्यू करने, बस हादसा होने पर आरटीओ की जिम्मेदारी नहीं मानी जाने, विभाग में कार्यरत लिपिक को परिवहन उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति दी जाने तथा अन्य कार्यों में आरटीओ कर्मचारियों को संलग्न नहीं किए जाने की मांगें शामिल है।


