भोपाल : पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा विधायक दल की बैठक में मोहन यादव को मुख्यमंत्री मनोनित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी है। इसके साथ ही उन्होंने राजेन्द्र शुक्ला व जगदीश देवड़ा को उप मुख्यमंत्री और नरेन्द्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष मनोनित होने पर शुभकामनाएं दी है।
शिवराज ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा कर्मठ साथी मोहन यादव को भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में आप मध्यप्रदेश को प्रगति एवं विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जायेंगे तथा जनकल्याण के क्षेत्र में नये कीर्तिमान रचेंगे। इस नई जिम्मेदारी के लिए बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं।
एक अन्य ट्वीट कर उन्होंने राजेन्द्र शुक्ला को बधाई देते हुए कहा साथी राजेन्द्र शुक्ला आपको मध्यप्रदेश का उप मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हार्दिक बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल कार्यों व सकारात्मक सोच से प्रदेश के विकास को और अधिक गति मिलने के साथ ही जनकल्याण के काम निरंतर जारी रहेंगे। बहुत-बहुत शुभकामनाएं। साथी जगदीश देवड़ा को भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्यप्रदेश का उप मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हृदय से बधाई। मुझे विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आपकी कुशल नीतियां व अनुभव मध्यप्रदेश की प्रगति एवं विकास में अहम भूमिका निभाएगा। बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
नरेन्द्र तोमर को दी विस अध्यक्ष मनोनित होने पर बधाई
शिवराज ने नरेन्द्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई देते हुए कहा साथी नरेन्द्र सिंह तोमर को मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई। आपका कुशल मार्गदर्शन व अनुभव निश्चय ही प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों को और अधिक गति देगा।आपको पुनः हृदय से बधाई।


