spot_img

Bhopal: चुनाव से पहले शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार, राज्यपाल ने तीन नवनियुक्त मंत्रियों को दिलाई शपथ

भोपाल: (Bhopal) मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके पहले शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। विधायक गौरीशंकर बिसेन, राजेंद्र शुक्ल और राहुल लोधी को शिवराज मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शनिवार सुबह राजभवन में हुए सादा समारोह में राज्य मंत्रि-मण्डल के नवनियुक्त तीनों मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें गौरीशंकर बिसेन और राजेंद्र शुक्ल को कैबिनेट मंत्री एवं राहुल सिंह लोधी को राज्य मंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित गरिमापूर्वक समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, जल संसाधन आयुष (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री रामकिशोर कांवरे, सांसद प्रदेश अध्यक्ष भाजपा वीडी शर्मा, विधायकगण एवं अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने शपथ ग्रहण समारोह की कार्यवाही का संचालन किया।

मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कैबिनेट में 31 सदस्य थे, जो अब बढ़कर 34 हो गए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज सरकार ने विंध्य, महाकौशल और बुदेलखंड अंचल से एक-एक विधायक को मंत्री बनाकर भाजपा ने जातिगत और भौगोलिक समीकरण साधने का प्रयास किया है।

नवनियुक्त मंत्रियों में गौरीशंकर बिसेन बालाघाट विधानसभा सीट से 7वीं बार के विधायक हैं। वे विद्यार्थी जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे। बिसेन 1985, 1990, 1993 और 2003 में जीत हासिल करके विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2008 में वे मध्य प्रदेश की 13वीं विधानसभा के सदस्य बने। बिसेन सरकार में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और सहकारिता मंत्री रह चुके हैं। उन्हें विधानसभा की कई समितियों का सदस्य और सभापति भी चुना जा चुका है। गौरीशंकर बिसेन 1998 और 2004 में लोकसभा का चुनाव भी जीत चुके हैं। वे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा और सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी भी रहे हैं। बिसेन तीन बार मध्यप्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भी रहे।

वहीं, विंध्य के कद्दावर भाजपा नेता राजेंद्र शुक्ला रीवा विधानसभा सीट से चार बार के विधायक हैं। वे मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। शुक्ला 2003 में पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद उनकी लगातार जीत हुई। पिछले 2018 के चुनाव में भाजपा को विंध्य में बड़ी कामयाबी मिली थी। भाजपा ने रीवा जिले की सभी आठ सीटों पर कब्जा जमाया था, लेकिन संख्या बल के आधार पर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई थी।

शिवराज मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री के रूप में शामिल किए गए राहुल सिंह लोधी-टीकमगढ़ की खरगापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे हैं। राहुल लोधी को मंत्री पद देकर भाजपा उमा भारती और उनके समर्थकों को साध सकती है। लोधी वोट भी भाजपा के पाले में आ सकते हैं।

New Delhi : ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव

नई दिल्ली : (New Delhi) पश्चिम एशिया में जारी जंग के और तेज होने की आशंका और हूती विद्रोहियों के भी इस जंग में...

Explore our articles