भोपाल:(Bhopal) पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के रीवा और चंबल संभागों में दो दिन बाद झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन बाकी जगह गर्मी के तेवर तीखे ही रहेंगे। विशेषकर मालवा-निमाड़ अंचल खूब तपेंगे और यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास रह सकता है। भोपाल-नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे का कहना है कि रविवार को प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में स्थित ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्के बादल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हैं, जिनमें से एक का ज्यादा असर नहीं है। दूसरा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस काफी नीचे रहेगा। इस कारण एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। 16 से 20 मई के बीच बादल छाएंगे। प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग में बूंदाबांदी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। बाकी जगह इसका असर नहीं रहेगा।


