spot_img

Bhopal : रद्दी बेचकर गुजारा कर रहे बेटे से परेशान माता-पिता, आयोग ने लिया संज्ञान

भोपाल : मानव अधिकार आयोग ने ग्वालियर में एक बुजुर्ग माता-पिता को बेटे द्वारा प्रताड़ित किए जाने, तथा बुजुर्ग माता-पिता द्वारा रद्दी बेचकर गुजारा करने पर संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में कलेक्टर एवं एसपी ग्वालियर से पूर्ण प्रतिवेदन मांगा है। आयोग ने इन दोनों अधिकारियों से यह भी पूछा है कि क्या माता-पिता एवं वृद्धजनों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत आरोपी पुत्र पर कोई कार्यवाही की गई है?

आयोग द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिला मुख्यालय में बीते मंगलवार को हुई साप्ताहिक जनसुनवाई में एसपी आफिस पहुंचे बुजुर्ग माता-पिता कहने लगे कि साहब, हमें बचा लीजिए। बेटा आए दिन हमसे मारपीट करता है। उम्र के इस पड़ाव पर यह दिन देखना पड़ेगा, यह कभी सोचा नहीं था। उनका कहना है कि मारपीट करने के बाद बेटा उनकी कमाई हुई रकम भी छीन लेता है। इस उम्र में वे रद्दी बेचकर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि बेटे को घर से बेदखल कर दिया जाये। यह गुहार आंखों में आंसू लिए बुजुर्ग राजाराम और उनकी पत्नी केतकाबाई ने अधिकारियों से लगाई। अधिकारियों नें मामला आलंबन सेल की ओर भेज दिया है।

पुरानी रंजिश पर बुजुर्ग से मारपीट

गुना जिले के सिटी कोतवाली थानांर्तगत बूढ़े बालाजी निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट कर दी गई। बुजुर्ग ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में की है। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नही की गई है। आरोपी आये दिन पीड़ित बुजुर्ग को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। बुजुर्ग ने कलेक्टर को भी आवेदन दिया है और आरोपियों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। मप्र मानव अधिकार आयोग ने मामले में एसपी, गुना से पूर्ण प्रतिवेदन मांगा है।

Explore our articles