spot_img

Bhopal: मप्र के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ली शपथ

राज्यपाल पटेल ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

भोपाल:(Bhopal) मध्यप्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम (Red Parade Ground) में आयोजित भव्य समारोह में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने डॉ. यादव को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। दो उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने भी शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

राज्यपाल पटेल ने सबसे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव को शपथ दिलाई। इसके बाद उप मुख्यमंत्री नियुक्त किए गए जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। फिलहाल, किसी अन्य विधायक ने मंत्री पद की शपथ नहीं ली है।

समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, नागालैण्ड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, मेघालय के मुख्यमंत्री कोंराड संगमा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस व अजीत पवार एवं नागालैंड के उप मुख्यमंत्री वाय. पैटन मौजूद रहे।

Explore our articles