भोपाल:(Bhopal) चुनावी साल में विभिन्न संगठनों द्वारा शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। राजपूत, कुशवाहा और साहू समाज के बाद अब ब्राह्मण समाज महाकुंभ का आयोजन कर रहा है। आज भोपाल के जंबूरी मैदान में प्रदेश के सभी ब्राह्मण संगठन मिलकर एक ही मंच पर विशाल ब्राह्मण महाकुंभ हुंकार सम्मेलन करने जा रहे हैं। इस महाकुंभ में 5 लाख लोगों के जुटने का दावा किया गया है। इस महाकुंभ में एट्रोसिटी एक्ट खत्म करने, आयोग गठन समेत 11 सूत्रीय मांगों को सरकार के सामने रखा जाएगा।
ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष गौरशंकर कक्कर ने कहा कि महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। महाकुंभ में सभी राजनीतिक दलों के ब्राह्मण नेताओं को बुलाया गया है। यह महाकुंभ सभी राजनीतिक दलों को यह बताने का प्रयास है कि ब्राह्मण के सहयोग के बिना सत्ता मिलने वाली नहीं है। ब्राह्मण समाज की 11 सूत्रीय मांगों में प्रमुख रूप से समाज का आयोग गठन की मांग है। इसका अध्यक्ष गैर राजनीतिक व्यक्ति को बनाने की शर्त रखी गई है। वहीं, इसके अलावा एट्रोसिटी एक्ट को तुरंत खत्म करने, पुजारियों का मानदेय बढ़ाएं, जमीन का आवंटन और शहीद चंद्रशेखर आजाद व मंगल पांडे के परिजनों के सम्मान के लिए सरकार आर्थिक रूप से मदद करे।


