spot_img

Bhopal: मध्य प्रदेश : खजुराहो-नौगांव में आज चलेगी हीट वेव, 17 जून तक तपेगा एमपी

भोपाल: (Bhopal) अरब सागर में उठे तूफान ‘बिपरजॉय’ और राजस्थान के गर्म रहने की वजह से मध्यप्रदेश में भी गर्मी का असर है, जो 15 और 16 जून तक रहेगा। 17 जून से प्रदेश में मौसम बदलेगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश में खजुराहो-नौगांव फिलहाल सबसे गर्म हैं और मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को भी यहां हीट वेव चलने की आशंका जताई है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे का कहना है कि तूफान बिपरजॉय ने सारी नमी खींच ली है। इस कारण प्रदेश में मौसम साफ है। सूरज की धूप सीधे जमीन पर आ रही है। जिससे गर्मी का असर बढ़ा है। दूसरी ओर राजस्थान भी गर्म है। इस कारण वहां से गर्म हवाएं मध्य प्रदेश में आ रही है और सीमा के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में लू जैसे हालात बने रहेंगे। अभी यहां तापमान सबसे ज्यादा है। अगले तीन दिन यहां तेज गर्मी पड़ने के आसार बन रहे हैं। तूफान पाकिस्तान के रास्ते राजस्थान में जाएगा। वहां पर 16-17 जून को बारिश होने के आसार हैं। इस कारण मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलेगा। गर्म हवाएं ठंडी हवाओं में बदल जाएगी और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

दोपहर बाद छाएंगे बादल

मौसम वैज्ञानिक पांडे का कहना है कि प्रदेश के कुछ शहरों में दोपहर के बाद गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। मंगलवार को भी सागर, दमोह, सिवनी और ग्वालियर में हल्की बारिश हुई। इसकी वजह लोकल सिस्टम रहा। बुधवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी भोपाल में आज कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 15 जून को भी बादल छा सकते हैं, लेकिन 16 और 17 जून को तेज गर्मी पड़ सकती है। इसके बाद ही बारिश का दौर शुरू होगा।

Explore our articles