भिवानी: (Bhiwani) सरकार के सौर ऊर्जा को बढ़ावे देने के अभियान के तहत भिवानी-हांसी रोड़ पर गांव प्रेमनगर में स्थित भाखड़ा-ब्यास मैनेजमैंट बोर्ड परिसर में भी 45 एकड़ में 10 मेगावाट का साेलर प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित हुआ है। जिसके बाद बीबीएमबी प्रेमनगर भिवानी के 400 केवी उपकेंद्र विद्युत पारेषण के साथ-साथ सौलर ऊर्जा का भी मुख्य केंद्र बनेगा।
यह बात बीबीएमबी के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव ने बीबीएमबी प्रेमनगर में बनने वाले सोलर प्लांट स्थान का निरीक्षण करते हुए कही। चेयरमैन संजय श्रीवास्तव ने बताया कि दक्षिण हरियाणा में भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड का 400 केवी उपकेंद्र बीबीएमबी प्रेमनगर में स्थित है तथा इस उपकेंद्र से बीबीएमबी भागीदार राज्यों हरियाण व राजस्थान को सतलुज व ब्यास नदी पर स्थित हाईड्रो पॉवर प्लांट से उत्पन्न होने वाली बिजली की आपूर्ति की जाती है।
इसके बाद अब यहां पर सोलर के उत्पादन का कार्य भी जोर-शोर से चल रहा है। उन्होंने बताया कि यहां पर 283 केडब्ल्यूपी क्षमता का रूफ टॉप सौलर प्लांट स्थापित किया जा चुका है, जिससे प्रति वर्ष तीन लाख यूनिट से भी अधिक सौलर ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है। इससे एक कदम आगे बढ़ाते हुए अब यहां 10 मेगावॉट से अधिक क्षमता का ग्राऊंड माउंटिड सौलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग एक करोड़ यूनिट से भी अधिक सौलर ऊर्जा का उत्पन्न हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर नवकरणीय ऊर्जा को प्राथमिकता दी गई, जिसमें सौर ऊर्जा की बड़ी भूमिका है। सौर परियोजना से उत्पादित बिजली की लागत, ताप और जल विद्युत उत्पादन से जहां कम होती है, वहां इससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होता।


