Bhiwandi: भिवंडी पुलिस द्वारा आयोजित सद्भावना दौड़ में हजारों की संख्या में दौड़े भिवंडीकर

0
422

जिले के आला अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों से सजा मंच

स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव पर्व से सराबोर हुआ भिवंडी शहर

भिवंडी : स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के अवसर पर भिवंडी में पुलिस उपायुक्त द्वारा मिनी मैराथन सद्भावना दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। आजादी का 75वां साल पूरा होने पर भिवंडी के स्व परशराम टावरे स्टेडियम से धामनकर नाका, राजीव गाँधी चौक होकर वंजरपट्टी नाका के बीच रिटर्न होकर 7.5 किमी की दूरी के बीच सद्भावना दौड़ मिनी मैराथन में शहर के युवाओं, युवतियों, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। भिवंडी शहर में यह अपनी तरह का पहला आयोजन किया गया था। जिसे लेकर भिवंडी वासी बेहद गदगद और खुश हुए।

ठाणे पुलिस आयुक्त जयजीत सिंह और जिला कलेक्टर राजेश नार्वेकर ने प्रतियोगिता को झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के लिए स्व परशुराम टावरे स्टेडियम में बनाये गए भव्य आलीशान मंच पर ठाणे जिला कलेक्टर राजेश नार्वेकर, ठाणे पुलिस आयुक्त जयजीत सिंह, विधायक महेश चौघुले, मनपा आयुक्त विजय कुमार म्हसाल, भिवंडी प्रान्त अधिकारी बालासाहेब वाकचौरे, तहसीलदार अधिक पाटिल, उपायुक्त दीपक जिंझाड, टोरेंट पावर के प्रबंधक चेलारामानी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने मंच की शोभा बढ़ाई और विभिन्न गट के विजेताओं को मैडल, स्मृति चिन्ह,प्रमाण पत्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस उपायुक्त योगेश चव्हाण ने प्रस्तावना भाषण में कहा कि महाराष्ट्र में पहला कार्यक्रम आयोजित करने का सम्मान भिवंडी पुलिस ने अर्जित किया। यह भिवंडी वासियों के लिए अत्यंत गौरव की बात है। स्वतंत्रता की अमृत महोत्सव के दौरान भिवंडी महानगर पालिका टोरेंट पावर समाजसेवी संस्थाओं के साथ स्कूल कॉलेज द्वारा दिये गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस सद्भावना दौड़ के लिए सहायक पुलिस आयुक्त सुनील वडके, प्रशांत ढोले, सभी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों, धर्मार्थ संगठनों के अधिकारियों, स्वयंसेवकों ने कड़ी मेहनत कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया। देश की आजादी के 75 साल पूरा होने के अवसर पर देश प्रेम का इजहार करने के लिए आयोजित इस सद्भावना दौड़ में कई लोग देश की जय-जयकार के नारे लगा रहे थे, वहीं मंच पर देश भक्ती से जुड़े विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों ने आयोजन की शोभा बढ़ाने में चार चांद लगा दिया। वही सुबह के समय सद्भावना दौड़ के आयोजन को लेकर शहर के कई प्रमुख रास्तों को बंद किए जाने से स्कूल व कालेज जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।