मनपा आयुक्त की कर्मचारियों को कठोर चेतावनी
अभय योजना के बावजूद नही हो रही कर वसूली
भिवंडी : भिवंडी मनपा प्रशासन द्वारा अभय योजना के तहत ब्याज में सौ फीसदी माफी के बावजूद मनपा को मन वांछित सफलता नहीं मिल रही है, जिसके कारण मनपा आयुक्त विजय कुमार म्हसाल ने मनपा कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि करों की वसूली में तेजी लाओ वर्ना कार्रवाई के लिए तैयार रहो। जिसे लेकर मनपा गलियारों में हड़कंप मच गया है।
भिवंडी मनपा का पुराना व नया मिलाकर कुल 625 करोड़ रुपए संपत्ति कर बकाया है, जिसकी वसूली के लिए मनपा प्रशासन ने एक दिसंबर 2022 से 31 जनवरी 2023 तक यानी 62 दिन के लिए अभय योजना की शुरुवात की है। इस दौरान बकाया कर भरने पर टैक्सों पर लगे ब्याज में शत प्रतिशत की छूट दी जा रही है। बावजूद संपत्ति कर की वसूली में मनपा को मनवांछित सफलता नहीं मिल रही है, जिसके मद्देनजर मनपा आयुक्त विजय कुमार म्हसाल ने मनपा के जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की पिछले दिनों एक विशेष बैठक का आयोजन किया था। बैठक में आयुक्त ने सभी को जमकर फटकार लगाई। बैठक में आयुक्त ने कर्मचारियों को स्पष्ट आदेश देते हुए कहा कि इस वर्ष सबसे उच्चतम स्तर पर बकाया वसूली करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य में असमर्थ अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ वेतन वृद्धि रोककर कार्रवाई की जाएगी । क्योंकि संपत्तियों पर बकाया टैक्स वसूल करने की जवाबदेही कर्मचारियों की होती है। इसके साथ ही जब्त की गई संपत्तियों का मालिकाना हक्क पालिका के नाम हस्तांतरण करने,उन संपत्तियों का भाड़ा दर तयकर वसूल करने का प्रस्ताव तैयार करने के लिए आदेश दिया है। साथ ही आयुक्त ने सभी सहायक आयुक्तों को अपने अपने क्षेत्रों के रहिवासी, व्यापारी एवं औद्योगिक बकायादारों की टाॅप -10 की सूची तैयार कर जब्तीकरण व टैक्स वसूल करने के लिए वसूली लिपिकों की साप्ताहिक बैठक आयोजित करने के लिए निर्देश दिया है।
वसूली में असफल कर्मचारियों की नहीं होगी वेतन वृद्धि,मचा हड़कंप
साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिन-जिन कर्मचारियों एवं कर निरीक्षकों की वसूली शून्य के बराबर है उन कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा बकाया वसूली में वृद्धि करने के उद्देश्य से लेखा विभाग को ऑनलाइन संपत्ति टैक्स भरने के लिए मनपा बैंक खाते उपलब्ध करने और ऑनलाइन, गूगल पे के संबंध में एक पीपीटी तैयार करने के लिए स्पष्ट आदेश जारी किया है। म्हाडा, पुलिस, एस.टी महामुक, पोस्ट खाते जैसे राज्य व केन्द्र सरकारी कार्यालय संपत्ति निधि के लिए उत्तरदाई हैं, जिसके अनुसार उक्त संपत्तियों का टैक्स वसूली के लिए यूजर चार्ज अनिवार्य है। ऐसे संपत्तियों पर वसूली की कार्रवाई की जाए ।इस बैठक में उपायुक्त (मुख्यालय) दीपक पुजारी, उपायुक्त (कर) दीपक झिजाड़ सहित सभी प्रभाग के सहायक आयुक्त, कर निरीक्षक व वसूली लिपिक मौजूद थे।