spot_img

BHIWANDI : शिरडी जा रहे पति पत्नी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत
संयोग से छह साल की बच्ची सकुशल बच गई

भिवंडी : मुंबई स्थित भांडुप से दोपहिया वाहन से नव वर्ष पर शिरडी में साईंबाबा के दर्शन के लिए निकले एक दंपति मनोज सोमा जोशी व उनकी पत्नी मानसी मनोज जोशी की मुंबई-नासिक हाईवे पर कंटेनर से टक्कर हो जाने से हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दुपहिया वाहन पर सवार छह वर्षीय नन्ही मृण्मयी चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गई और सकुशल है। मिली जानकारी के अनुसार भांडुप पश्चिम में तानाजी वाडी चाल के निवासी मनोज जोशी 36 उनकी पत्नी मानसी 34 और 6 वर्षीय बेटी मृण्मयी इसी चाल से अपने सुजुकी एक्सेस मोटरसाइकिल से शिरडी जाने के लिए रवाना हुए।
जोशी दंपत्ति के दोपहिया वाहन में टक्कर मार दी
मुंबई नासिक हाइवे पर उसी समय कंटेनर क्रमांक एमएच 43 वाई 8497 के चालक ने कंटेनर को तेज व गैर जिम्मेदाराना तरीके से चलाकर मुंबई नासिक हाईवे पर येवई व वडापा के बीच नासिक की दिशा में जाते समय जोशी दंपत्ति के दोपहिया वाहन में टक्कर मार दी। जिसमें दुपहिया वाहन पर सवार जोशी दंपत्ति कंटेनर के पिछले पहिये के नीचे आ गए और कंटेनर के नीचे कुचल कर मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन उक्त दुर्घटना में उस समय उनकी छह वर्षीय बेटी मृण्मयी चमत्कारिक ढंग से बाल-बाल बच गई, क्योंकि वह विपरीत दिशा में बाईक से गिर गई थी, जो पूरी तरह से सकुशल है।

पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस दुर्घटना की खबर मिलने के बाद भिवंडी तालुका पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय बोराटे अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कंटेनर चालक कपिल राजाराम को गिरफ्तार कर लिया। घटना स्थल का पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवंडी स्थित आईजीएम उप जिला अस्पताल में भिजवाया गया। मनोज जोशी के साथ अलग से शिर्डी जा रहे पड़ोसी विक्रांत पायरे की तहरीर पर भिवंडी तालुका पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय बोराटे इस दुर्घटना अपराध की जांच कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles