भिवंडी : भिवंडी महानगरपालिका के चुनाव को लेकर अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं की गई है और न ही शहर में कोई राजनेतिक हलचल थी, लेकिन राकांपा अध्यक्ष शोएब गुड्डू द्वारा दो पूर्व नगरसेवकों सहित तीन नेताओं को पार्टी में शामिल कर अचानक राजनीतिक पारा गर्म कर दिया है। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के टिकट पर गुलजार नगर इलाके के पूर्व नगरसेवक आरिफ खान, समाजवादी पार्टी से 2017 का चुनाव लड़ने वाले शेख अनवर उर्फ राजू रशन और शिवसेना नेता ने कल राकांपा की बुनियादी सदस्यता ग्रहण की है। राकांपा के शीर्ष नेताओं का दावा है कि जल्द ही कुछ और बड़े नाम पार्टी में शामिल हो सकते हैं। अनवर राजू और आरिफ खान के राकांपा में शामिल होने से इस वार्ड में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में विपक्षी प्रत्याशियों से सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है। फिलहाल राकांपा के स्थानीय नेता तीनों के शामिल होने का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रय अल्पसंख्यक महासचिव फैसल उमर मेमन, अल्पसंख्यक अध्यक्ष साजिद मोमिन , मुमताज अंसारी, नियाज मलिक, जक्की अंसारी समेत अन्य मौजूद थे। इस संबंध में भिवंडी राकांपा शहर जिला अध्यक्ष शोएब गुड्डू ने कहा कि देश में राकांपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो बीजेपी को टक्कर दे सकती है, इसी को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक नेता अब राकांपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर भिवंडी के विकास कार्यों को रोका है, लेकिन हमारे प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल और पूर्व आवास मंत्री जितेंद्र अव्हाड ने आश्वासन दिया है कि वे इसे जल्द शुरू कराने का प्रयास करेगें।


