
भिवंडी : (Bhiwandi) भिवंडी के डॉग सेंटर (dog center in Bhiwandi) (कुत्ता नसबंदी केंद्र) में कथित भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है। जिला प्रमुख शिवसेना (भिवंडी) और नगर पशुवैद्यकीय समिति के सदस्य ने पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-2) को सौंपे पत्र में केंद्र की तत्काल जांच, बंद करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप है कि महानगरपालिका द्वारा संचालित केंद्र में कुत्तों की देखभाल सही तरीके से नहीं हो रही, भोजन-पानी की व्यवस्था अपर्याप्त है और नसबंदी ऑपरेशन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किए जा रहे।
देखरेख में कमी, मौतों का दावा
पत्र में कहा गया है कि ऑपरेशन के बाद जरूरी देखरेख और एलएसएस (LSS) जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं, जिससे कई कुत्ते मानसिक रूप से अस्वस्थ हो रहे हैं और कुछ की मौत भी हो चुकी है। नियमों के विपरीत पकड़े गए कुत्तों को मूल क्षेत्र में छोड़ने के बजाय अन्य असुरक्षित स्थानों पर छोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में 31 जनवरी 2026 को 13 वर्षीय हमीद सद्दाम खान की कथित तौर पर कुत्तों के हमले में हुई मौत का उल्लेख करते हुए इसे बेहद गंभीर घटना बताया गया है।
आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग
शिकायतकर्ताओं ने 10 जनवरी 2026 को कामतघर निवासी एक महिला के पालतू कुत्ते को केंद्र कर्मियों द्वारा ले जाने और वापस न करने का आरोप भी लगाया है। 3 फरवरी को महिला के केंद्र पहुंचने पर कुत्ता वहां नहीं मिला, जिससे उसकी मौत की आशंका जताई गई है। संबंधित ठेकेदार और नगर पालिका कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (Indian Penal Code) (BNS) की धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज करने, मृत बालक के परिवार को मुआवजा देने और निष्पक्ष जांच के बाद डॉग सेंटर को तत्काल बंद करने की मांग की गई है।


