भिण्ड : भाजपा के के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण के रास्ते पर चल रही है। जो लोग कॉमन सिविल कोड का विरोध कर रहे हैं, वे इस बात का जवाब दें कि यदि परिवार के हर सदस्य के लिए अलग-अलग कानून हों तो क्या घर चल सकता है? हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश है। जब देश का भला होगा तो सबका भला होगा, उससे देश आगे बढ़ेगा। इसीलिए हमने तय किया कि तुष्टिकरण, वोटबैंक के रास्ते पर नहीं चलेंगे।
भाजपा महासचिव चुघ बुधवार को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान भिण्ड जिले के मेहगांव में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सभा को अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य व सांसद संध्या राय ने भी संबोधित किया
हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही मोदी सरकार
चुघ ने कहा कि हमारा रास्ता योजनाओं के सौ फीसदी क्रियान्वयन के साथ संतुष्टि देने का है। कांग्रेस की नीति रही है कि पहले किसानों को संकट में डालो, फिर का कर्ज का लालच देकर, झूठ बोलकर उनके वोट लो। कांग्रेस ने कर्ज माफी का ऐलान किया था लेकिन उस पर अमल नहीं किया। मोदी सरकार ने करोड़ों किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से राशि पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। मोदी सरकार गरीबों, मजदूरों, किसानों की सरकार है जो विकास के लिए काम कर रही है। नौ वर्षों में मोदी सरकार गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाई है। कोरोना संकट के समय से मोदी सरकार देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त अनाज दे रही है।
मोदी सरकार ने भारत को विकास से जोड़ा
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार के समय रोज नए घोटाले हो रहे थे। उस सरकार के समय चारों तरफ भ्रष्टाचार फैला था और जनता के पैसे की खुलेआम लूट मची थी। उस सरकार के कई मंत्री या तो जेल में थे, या फिर बेल पर थे। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने भारत को विकास से जोड़ने का काम किया है। मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूत अर्थव्यवस्था वाले देश के रूप में उभर कर सामने आया है। मोदी सरकार ने देश की सीमाओं को सुरक्षित बनाया है। आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की तरक्की को देख रहा है।
स्वार्थ के लिए एकजुट हो रहे विपक्षी दल
भाजपा महासचिव ने कहा कि अलग-अलग सोच वाले राजनीतिक दल एक बार फिर एकजुट हो रहे हैं, ताकि अपनी सरकार बनाकर फिर से लूट मचाई जा सके। मोदी के विरोध में जितने भी गठबंधन बने, वे सब टूट कर जमीन पर आ गए, क्योंकि इस देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी सरकार बनाकर विकास को गति देने का आशीर्वाद दिया है। मोदी सरकार ने जो विकास यात्रा शुरू की है, वह आगे बढ़ती रहे इसके लिए जरूरी है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश और 2024 में केंद्र में प्रचंड बहुमत से मोदी सरकार बने।
भाजपा की सरकार बनने पर होता है विकासः लालसिंह आर्य
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि देश और प्रदेश में जब-जब भाजपा की सरकार बनती है, देश और प्रदेश का विकास होता है। लेकिन जब कांग्रेस की सरकारें बनती हैं, तो देश और प्रदेश का नुकसान होता है। कर्नाटक में भाजपा की सरकार ने गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाया था लेकिन कांग्रेस की सरकार बनते ही यह प्रतिबंध हटा दिया गया है। धर्मांतरण विरोधी कानून भी कांग्रेस की सरकार ने हटा दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की योजनाएं गिनाते हुए कहा कि जिले में लाडली बहना योजना के माध्यम से 271000 बहनों को लाभ मिला है।
अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतार रही भाजपा की सरकारें: संध्या राय
सांसद संध्या राय ने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकारें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को धरातल पर उतारने का काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने नौ करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना से जोड़ने का काम किया है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें अपनी योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वर्गों और समाजों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही हैं।
चुघ ने दतिया में किए पीताम्बरा माई के दर्शन
इससे पहले भाजपा महासचिव चुघ बुधवार सुबह दतिया में पीताम्बरा माई के दरबार में पहुंचे और मां का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे भिंड एवं दतिया जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए।


