
भिंड : टेलीकाम कंपनी में काम करने वाले जिले के मिहोना के गल्ला मंडी निवासी युवक को आयकर विभाग ने 113.80 करोड़ रुपये जमा करने का नोटिस थमाया है। यह नोटिस 27 मार्च को जारी किया गया है। इससे पहले दिसंबर 2020 में युवक को 132 करोड़ रुपये के लेन-देन के मामले में 3.49 करोड़ का नोटिस दिया गया था। युवक का कहना है कि पहली बार नोटिस मिलते ही उसने भोपाल सीबीआई कार्यालय के अलावा पीएमओ में शिकायत की थी। सीबीआई से हुई शिकायत के बाद जांच ईओडब्ल्यू ग्वालियर जांच कर रही है।
रवि गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जब वह कोलकाता में 6-7 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी कर रहा था, तब वर्ष 2011-12 में मुंबई की एक्सिस बैंक में उनके नाम से अकाउंट खोलकर 132 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया है। इसी लेन-देन को लेकर आयकर विभाग ने 3.49 करोड़ का नोटिस जारी किया था। पूरा फर्जीवाड़ा टिया ट्रेडर्स हीरा कंपनी के नाम पर किया गया था।
रवि गुप्ता का कहना है, कि पहले वह टेली परर्फोमेंस कंपनी में नौकरी करते थे। दिल्ली में नौकरी करने के दौरान उन्हें 2020 में पहलेा 3.48 करोड़ का नोटिस मिला था। नोटिस मिलने के बाद कुछ महीने बाद रीवा निवासी कपिल शुक्ला को 142 करोड़ रुपये का नोटिस दिया गया था। कपिल भी उनकी कंपनी में नौकरी करते थे। इसी तरह इंदौर में काल सेंटर पर काम करने वाले प्रवीण राठौर को नोटिस दिया गया है। रवि ने अंदेशा जताया है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे हीरा कारोबार जुड़े लोगों का हाथ हो सकता है। रवि का कहना है जिस टिया ट्रेडर्स का उन्हें मालिक बताकर अकाउंट खोला गया, वह भी हीरा कंपनी है और उसे गुजरात के सूरत शहर में रजिस्टर्ड कराया है। कपिल और प्रवीण के खातों के लिंक भी गुजरात के सूरत शहर से जुड़े हैं।
रवि गुप्ता के मुताबिक उन्होंने मामले की शिकायत पीएमओ में की थी। पीएमओ ने आरबीआई को पत्र लिखा। एक्सिस बैंक ने 2020 और 2022 में मेल कर बताया है कि यह खाता उनका नहीं लग रहा है। इस मेल को उन्होंने आयकर विभाग को भी बता दिया था। बवजूद अधिकारी मानने को तैयार नहीं है। 27 मार्च को 2023 को आयकर विभाग ने 113.80 करोड़ रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया है। रवि गुप्ता का कहना है कि वर्तमान में उन्हें 50 से 55 हजार रुपये का वेतन मिल रहा है। वह इतनी बड़ी रकम कहां से जमा करेंगे। रवि कहना है, कि अब वह हाईकोर्ट जाने की तैयारी में हैं, क्योंकि आयकर विभाग हर साल उन्हें टैक्स चुकाने का नोटिस जारी कर रहा है।


