भाईंदर : (Bhayander) मीरा-भाईंदर चुनावों (Mira-Bhayander elections) के मद्देनज़र राज्य के मत्स्य विभाग के मंत्री नितेश राणे (State Fisheries Minister Nitesh Rane) ने 23 दिसंबर को भाईंदर (पश्चिम) के उत्तन क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मछुआरों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। आयोजित कार्यक्रम में मछुआरों ने अपने पुराने घरों के पुनर्निर्माण को मंजूरी देने, प्रतिबंधित एलईडी लाइट फिशिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जैसी प्रमुख समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मछुआरों ने बताया कि प्रतिबंध के बावजूद समुद्री क्षेत्र में एलईडी लाइट का उपयोग धड़ल्ले से हो रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
अपने संबोधन में मंत्री नितेश राणे ने कहा कि राज्य में देवा भाऊ की सरकार मछुआरों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। मछुआरों को किसानों के समान दर्जा दिया गया है और उनके हित में कई योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि मछली उद्योग को कृषि का दर्जा देकर मछुआरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में सरकार गंभीर है।
राणे ने आश्वासन दिया कि कोलीवाड़ा क्षेत्रों में ग्रामीणों के आवास संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा उत्तन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मछली बाजार और जेटी का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। प्रतिबंधित एलईडी लाइट फिशिंग के मुद्दे पर मंत्री ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नावें भी जब्त की जाएंगी।
बॉक्स में…
एलईडी लाइट फिशिंग से समुद्री जीवों को भारी नुकसान होता है। यह बड़ी मात्रा में मछलियों को आकर्षित कर पारंपरिक मछली पकड़ने के तरीकों को बाधित करती है, जिससे समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और खाद्य श्रृंखला पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे छोटे मछुआरों की रोज़ी-रोटी भी प्रभावित होती है। गौरतलब है कि वर्ष 2017 में केंद्र सरकार ने एलईडी लाइट फिशिंग पर कड़ा प्रतिबंध लगाया था, इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र मेहता, (MLA Narendra Mehta) संबंधित विभागों के अधिकारी, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रणवीर वाजपेयी (District President of Yuva Morcha Ranveer Vajpayee) सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और मछुआरे उपस्थित रहे


