भागलपुर: (Bhagalpur) अक्षय तृतीया (Akshaya Tritiya) को लेकर रविवार को जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। उधर सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ के उत्तरवाहिनी तट का नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला। यहां पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की अपार भीड़ जुटी थी।
यहां अहले सुबह से ही बिहार, झारखंड सहित कई अन्य पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में शुद्धता और पवित्रता की डुबकी लगाई। स्नान के बाद मां गंगा और बाबा अजगैबीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर अपने और अपने परिवार के सुख शांति के लिए कामना की। ऐसी मान्यता है कि आज के दिन गंगा स्नान एवं दान पुण्य करने से सुख शांति समृद्धि और यश की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि आज के दिन श्रद्धालु बढ़-चढ़कर गंगा स्नान करते हैं।


