
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए अभिविन्यास व मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य डा. पीएन डोंगरे ने पढ़ाई के दौरान अनुशासन का महत्व समझाया। महाविद्यालय के नियमों से भी उन्होंने छात्र-छात्राओं को परिचित कराया, साथ ही सभी विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म में ही महाविद्यालय में आने की हिदायत दी गई। इसके अलावा ऐसे विद्यार्थी, जो एक जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, को महाविद्यालय में बने मतदाता कक्ष से रजिस्ट्रेशन फॉर्म लेकर मतदाता परिचय पत्र बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मतदान के महत्व को समझाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भदोही एसडीएम शैलेंद्र मिश्र ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें अपने छात्र जीवन में कड़ी मेहनत करने की शपथ दिलाई। सफलता प्राप्त करने के लिए अपने सपनों को याद रखने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात महाविद्यालय में चल रही अन्य गतिविधियों के विषय में अवगत कराया गया, जिससे उनका संपूर्ण विकास हो सके। विद्यार्थियों को विभाग से समय सारिणी प्राप्त कर समय से कक्षाओं में उपस्थित होने के लिए कहा गया। महाविद्यालय में स्थापित नवप्रवर्तन संस्था द्वारा आयोजित होने वाले आइडिया कंप्टीशन के बारे में बताया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र -छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. रिचा (विभागाध्यक्ष संस्कृत विभाग) ने किया।


