महाराष्ट्र के राज्य कारागार में निरुद्ध है अभियुक्त, न्यायालय ने जारी किया था वारंट
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : गैंगस्टर एक्ट के वांछित हरिशंकर उर्फ मंगल सिंह को आज जनपदीय न्यायालय में हाजिर किया गया। हरिशंकर उर्फ मंगल सिंह महाराष्ट्र की राज्य कारागर में निरुद्ध है। हरिशंकर के खिलाफ पालघर के विरार थाना समेत यूपी के कई थानों में जालसाजी के कुल नौ मामले दर्ज हैं। मंगल सिंह अंतरराज्यीय एटीएम फ्राड करने वाले गिरोह का शातिर सदस्य है। उसके गिरोह के दो सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अभियुक्त हरिशंकर उर्फ मंगल सिंह पुत्र महेंद्र सिंह चौहान मूल रूप से प्रयागराज जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र के गनेशीपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना ऊंज में धारा-3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट से केस दर्ज है। इस समय हरिशंकर उर्फ मंगल सिंह महाराष्ट्र की जेल में निरुद्ध चल रहा है। उसके खिलाफ स्थानीय न्यायालय ने वारंट बी जारी किया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में भदोही पुलिस ने मंगल सिंह को आज महाराष्ट्र से यहां लाकर अदालत में पेश किया।
ऊंज पुलिस ने बताया कि हरिशंकर उर्फ मंगल सिंह के खिलाफ भदोही के ज्ञानपुर, गोपीगंज, सुरियावां, प्रयागराज जनपद के सराय ममरेज और महाऱाष्ट्र के पालघर जनपद के विरार थाने में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर व आईटी एक्ट के तहत कुल नौ केस दर्ज हैं।


