
आठ मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामद, आधा दर्जन घटनाओं का खुलासा
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : राहगीरों से छिनैती और लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से विभिन्न घटनाओं में छीने गए आठ मोबाइल,एक तमंच और घटना में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक बरामद हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने ज्ञानपुर, भदोही, औराई और गोपीगंज थाना क्षेत्र में हुई आधा दर्जन घटनाओं का खुलासा भी किया है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में तीन अन्य अभियुक्त फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
यह जानकारी देते हुए एएसपी राजेश भारती ने बताया कि यह गिरफ्तारी दुर्गागंज और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अतीक अहमद पुत्र रफीक (निवासी वार्ड -13 आलमपुर, नई बस्ती, थाना भदोही), अमन सिंह उर्फ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पुत्र जीतेंद्र बहादुर सिंह (ग्राम पूरे गोसाईदास, ज्ञानपुर) और अलीम उर्फ नन्हका पुत्र वकील (निवासी वार्ड -13 सरदार खां बाजार, भदोही) को ग्राम शेरपुर गोपलहा, नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है।
धरे गए अभियुक्तों के कब्जे से थाना भदोही, ज्ञानपुर, औराई व गोपीगंज में लूट की छह घटनाओं से संबंधित आठ मोबाइल व लूट की घटना में प्रयुक्त एक अदद तमंचा 12 बोर मय एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक भी बरामद हुई है।


