
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : बैंक की चेकिंग के दौरान बैंक के बाहर स़ड़क पर मिले 25 हजार रुपये को सही व्यक्ति तक पहुंचाने वाले सब इंस्पेक्टर को एसपी डा. अनिल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बताते चलें कि दो जनवरी को भदोही थाने कीपुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान एसआई अटल कुमार राय ने अपनी टीम के साथ स्थानीय बैंक की भी छानबीन की थी।
जब अटल कुमार राय बैंक से बाहर निकल रहे थे, इसी दौरान उन्हे सड़क पर 25 हजार रुपये गिरा हुआ मिला था। बैंक के बाहर रुपये मिलने पर एसआई एके राय ने बैंक कर्मियों को इसकी जानकारी दी और व्यक्ति की खोज करवाई, जिसका रुपया गिरा था। पुख्ता जानकारी होने पर एसआई अटल कुमार राय ने रुपये के असली वाहक राजेंद्रप्रसाद को रुपया सौंप दिया।
एसआई की कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी को देखते हुए एसपी डा. अनिल कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने उपनिरीक्षक अटल कुमार राय की सराहना करते हुए भदोही पुलिस की ईमानदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा एसआई अटल कुमार राय को पुलिस कार्यालय बुलाकर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसआईअटल कुमार राय को यह रकम भदोही थाना क्षेत्र में स्थित एसबीआई की शाखा मर्यादपट्टी के बाहर मिली थी।


