
सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाने का निर्देश
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) शीतलहर के शुरू होते ही जिला प्रशासन की तरफ से कंबल वितरण और अलाव जलवाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर एसडीएम भदोही डा. कृपाशंकर पांडेय और तहसीलदार सत्यपाल प्रजापति द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। एसडीएम और तहसीलदार ने पिपरिस समेत समीपवर्ती अन्य गांवों का भ्रमण कर वृद्धों व असहायों की बस्ती में जाकर कंबल वितरित किया।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि ठंड के दृष्टिगत जनपद में विभिन्न चौराहों व महत्वपूर्ण स्थलों पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है। जनपद के सभी तहसीलों में वृद्धजनों, गरीबों व असहायों को कंबल एवं गर्म वस्त्र का वितरण लगातार किया जा रहा है।
एसडीएम भदोही डा. कृपाशंकर पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र के कई गांवों का भ्रमण कर कंबल और गर्म कपड़ों का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाने का आदेश दिया गया है। एसडीएम ने कि कहा कि अलाव जलवाने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


