spot_img

BHADOHI : शराब के नाम पर यूरिया पिला रहा था सेल्समैन, 730 लीटर शराब बरामद

दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, 3654 शीशी शराब, 208 नकली ढक्कन, 950 ग्राम यूरिया और नगदी बरामद

सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : शराब के नाम पर लोगों को यूरिया पिला रहे दो तस्करों को भदोही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 730 लीटर शराब के साथ शराब बनाने के उपकरण, खाली शीशी, नकली ढक्कन, यूरिया आदि बरामद हुई है।
एसपी डा. अनिल कुमार ने बताया कि ज्ञानपुर पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने असनांव बाजार में स्थित देशी शराब की दुकान पर छापा मारा और दुकान से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 3654 शीशी देशी शराब (कुल 730 लीटर), 208 नकली ढक्कन, 101 खाली शीशी, लगभग एक किलो यूरिया और 16425 रुपये नगद बरामद हुआ है। कुल बरामदगी लगभग तीन लाख रुपये की हुई है। धरे गए तस्करों के खिलाफ धारा- 60/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा- 419, 420, 467, 468, 471, 272, 273 के तहत केस दर्ज किया गया है।
धरे गए शराब तस्कर सेल्समैन प्रदीप जायसवाल पुत्र केशव प्रसाद जायसवाल (निवासी दिघुली बरौंधा, लालगंज, मिर्जापुर) और आनंद कुमार गौतम पुत्र मन्नालाल (निवासी हरियांव, भदोही) ने पूछताछ में बताया कि शराब की दुकान के ठेकेदार मंशाराम जायसवाल पुत्र रामजतन जायसवाल (निवासी हुसैनीपुर महराजगंज, औराई) के कहने पर शराब में मिलावट कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने शराब की दुकानके संचालक मंशाराम जायसवाल पुत्र रामजतन जायसवाल (निवासी हुसैनीपुर, महराजगंज, औराई) की तलाश तेज कर दी है। उसका आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। छापा मारने वाली टीम में ज्ञानपुर के थानाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, एसआई बृजेश कुमार राय, श्यामजीत, आबकारी निरीक्षक आदित्य वैभव सिंह, संजय श्रीवास्तव, गुलाब सिंह पूरी टीमके साथ शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles