spot_img

BHADOHI : संदिग्ध दशा में गर्भवती की मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

ससुराल पक्ष से तीन लोग पुलिस हिरासत में, 2019 में हुआ था विवाह

दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है मृतका सुमन का पति वीरेंद्र

सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : गुरुवार सुबह एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे मायकेपक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के गले में काला निशान भी पाया गया है। इसे लेकर मायकेपक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए काफी हंगामा किया। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को चीरघर भेजा। मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में पति को छोड़कर शेष अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह मामला चौरी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा चांदी गहना की यादव बस्ती का है। यादव बस्ती निवासी वीरेंद्र यादव की शादी लाकडाउन के दौरान 2019 में सुमन (निवासी सुरेरी, जौनपुर) के साथ हुई थी। सुमन को एक बेटा दो साल का गोलू है। सुमन इस समय दो माह के गर्भ से थी। सुमन का पति वीरेंद्र दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। मौजूदा समय में वह दिल्ली में ही है। मायके पक्ष के मुताबिक बुधवार की शाम ससुराली परिजन सुमन को लेकर भदोही के एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां रातभर उसका इलाज किया गया और भोर में सुमन के मौत की जानकारी मायकेपक्ष को दी गई।
जानकारी होते ही मायके पक्ष से तमाम लोग निजी हास्पिटल पहुंच गए और आशंका होने पर चौरी पुलिस को सूचना दी। मामले की सूचना मिलते ही चौरी एसओ मनोज कुमार, भदोही सीओ अजय कुमार चौहान सहित नायब तहसीलदार भदोही नितिन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने मायकेपक्ष को शांत कराया और सभी का बयान दर्ज किया। मृतका सुमन के पिता जयप्रकाश यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।
फिलहाल बयान दर्ज करने के बाद एनटी नितिन कुमार सिंह पंचनामा भरा और शव को चीरघर भेजा गया। एसओ मनोज कुमार ने बताया कि मामले में मृतका के पिता जयप्रकाश यादव की तहरीर पर ससुराल पक्ष के सास, ससुर, देवर, पति के खिलाफ 498ए, 304बी, 3/4 दहेज उत्पीड़न अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles