सीएचसी औराई में मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ ने लगाया जागरुकता कैंप
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ की टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, औराई में गुरुवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुनील मिश्र ने फीता काटकर किया। डिप्टी सीएमओ डा. सुरेश सिंह और अधीक्षक डा. प्रगति ने चीफ गेस्ट का स्वागत किया।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सुरेश सिंह ने मानसिक रोग की व्यापक स्थिति के बारे में लोगों को अवगत कराते हुए इसको नियंत्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जनमानस को सचेत रहने एवं आशा बहनों से प्रचार करने का अनुरोध किया। जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ/ महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय के प्रोग्राम ऑफीसर एवं मनोचिकित्सक डॉ. अभिनव पांडेय ने अवसाद, आत्महत्या, मैनिया के लक्षण और उपचार पर चर्चा की।
नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. अशोक परासर ने मानसिक बीमारी, मोबाइल एडिक्शन, झाड़फूंक से बचने एवं तनाव के लक्षण, कारण और मनोवैज्ञानिक उपचार की जानकारी देते हुए परिवार, सहकर्मियों और समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मनोचिकित्सीय सामाजिक कार्यकर्ता डा. शांति ने कार्यक्रम के प्रारूप, प्रबंधन और मनकक्ष की सुविधाओं पर प्रकाश डाला और बताया कि हेल्पलाइन 9118570599 पर किसी भी तरह की मानसिक समस्या के लिए संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर डा. प्रशांत, डा. कृष्णचंद्र मिश्र, डा. सोफिया, डा. पृथ्वीराज, डा. विनोद, डा. सतीशचंद्र, डा. विकास मिश्र, प्रज्ञा मौर्या मौजूद रहीं।


