spot_img

BHADOHI : आधी रात जन्मे कन्हाई, महिलाओं ने गाये सोहर
जनपद में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, जन्मोत्सव के बाद हुई आतिशबाजी, लगा जयकारा

सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को जनपद में धूमधाम के साथ मनाया गया। लोगों ने जन्माष्टमी पर उपवास रखकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से काफी खूबसूरत ढंग से सजाया गया। शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण-राधा की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। रात में मंदिरों में लडडू गोपाल को झूला झुलाने के लिए लोगों की लंबी-लंगी कतारें लग गईं। कतारों में लगकर अपनी बारी आने पर लोगों ने लडडू गोपाल को पालने में झूला झुलाया। इस दौरान भक्तों ने हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की, प्रकट भयो नंदलाल के आदि के जमकर जयकारे लगाए।


भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और घंटों की ध्वनि से मंदिर परिसर देर रात तक गूंजते रहे। जन्माष्टमी का त्योहार शहर में हर साल की तरह इस बार भी लोगों ने काफी उत्साह के साथ मनाया। कई रोज पहले से ही लोगों ने जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू कर दी थीं। जन्माष्टमी की तैयारियों में लोग शुक्रवार की सुबह से ही जुट गए। घरों में पूजास्थलों की साफ-सफाई कर राधा-कृष्ण की मूर्तियों को स्नान कराकर उन्हें सुंदर-सुंदर नए वस्त्र पहनाए। मोर पंख का मुकुट और बांसुरी आदि से लडडू गोपाल को सजाकर उन्हें सजे हुए पालने में बैठाया।
कई मोहल्लों में श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे बच्चों की झांकियां सजाई गईं। लोगों ने जन्माष्टमी का उपवास रखा। मंदिर में जाकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। जन्माष्टमी पर शहर के सभी मंदिरों को फूलों और बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से काफी खूबसूरत ढंग से सजाया गया। राधा-कृष्ण, सुदामा आदि की झांकियां सजाई गईं, जिन्हें देखने के लिए मंदिरों में लोगों की काफी भीड़ रही।


आधी रात के भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, जन्म होते ही भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और घंटों की ध्वनि से मंदिर परिसर देर रात तक गूंजते रहे। देवताओं में भगवान श्री कृष्ण, विष्णु के अकेले ऐसे अवतार हैं, जिनके जीवन के हर पड़ाव के अलग रंग दिखाई देते हैं। उनका बचपन लीलाओं से भरा पड़ा है। युवावस्था लीलाओं की कहानी कहती है। एक राजा और मित्र के रूप में वे भगवद् भक्त और गरीबों के दुखहर्ता बनते हैं तो युद्ध में कुशल नीतिज्ञ।
जनपद के भदोही, औराई, माधोसिंह, भमौरा शास्त्रीपुरम, गोपीगंज, जंगीगंज, कोइरौना सहित जगह-जगह कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। इसके अलावा पुलिस लाइन, जनपद के सभी थानों और पुलिस चौकियों में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विशेष रूप से मनाया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कांवल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के नंदापुर और बारीपुर आदि स्थानों पर भगवान श्री कृष्ण का जन्म बड़े ही श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

Explore our articles