भदोही : भीषण कोहरे की वजह से शुक्रवार की सुबह साइकिल सवार बुजुर्ग उस समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जब वह साइकिल लेकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बनारस के लिए रेफर कर दिया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह हादसा चौरी थाना क्षेत्र में स्थित कंधिया रेलवे फाटक से 200 गज पश्चिम की तरफ हुआ।
जानकारी के मुताबिक टिकैतपुर का रहने वाला राज नारायण धरकार (70) एक कार्पेट कंपनी में कार्य करता था। शुक्रवार को सुबह कार्य पर जाने की जल्दबाजी में वह शार्ट कट से होकर जा रहा था। इसके लिए वह कंधिया रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक क्रास कर रहा था। उस समय भीषण कोहरे की वजह से उसे आती हुई मालगाड़ी नहीं दिखी और जैसे ही वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, मालगाड़ी नेउसे टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में आने सेवह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
हादसे के बाद कंधिया के हरिजन बस्ती निवासियों ने उसे महाराज बलवंत सिंह अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बनारस के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर चौरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। राजनारायण धरकार के सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा बायां पैर फ्रैक्चर हो गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


