
पूर्व चेयरमैन डा. घनश्याम गुप्ता ने कहा- बीएलओ की मिलीभगत से वार्ड तीन, पांच और नौ में बढ़वाए गए फर्जी नाम
संजय सिंह
भदोही: (Bhadohi) ज्ञानपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन डा. घनश्याम गुप्ता ने मौजूदा चेयरमैन पर मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा करवाने का आरोप लगाया है। आज पत्रकारों से बातचीत में घनश्याम गुप्ता ने आरोपित किया कि वार्ड संख्या तीन, पांच और नौ में बीएलओ की मिलीभगत से फर्जी मतदाताओं के नाम बढ़वाए गए हैं। यह क्रम अभी भी जारी है।
आरोप लगाया कि वर्तमान चेयरमैन के सिर्फ दो लड़के हैं, लेकिन वोटर लिस्ट के आधार पर उनके चार लड़के हैं। घनश्यान दास गुप्ता आरोप लगाया कि वर्तमान चैयरमैन ने जब से पद को संभाला है, तब लेकर आज तक वार्ड नंबर नौ में न कोई वोटर मरा है और नहीं किसी लड़की की शादी हुई है। जबकि सही तरीके से अगर जांच हो जाए तो वार्ड नंबर नौ में 900-1000 वोटर ही रह जाएँगे। पूर्व चेयरमैन ने कहा कि नगर से सटे कई गांव ऐसे हैं, जहां के लोगों का नाम इस नगर पंचायत में जोड़ा गया है।
इसके लिए हमारे द्वारा अवगत कराया जा रहा है शासन द्वारा अंतिम लिस्ट जारी होने के बाद अगर इसमें संशोधन नहीं किया जाता है तो व्यापार मंडल के बैनर तले हमलोग धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर पूर्व सभासद राकेश यादव, प्रदीप कुमार रावत, मुकेश सेठ, रंजीत गुप्ता, अनिल श्रीवास्तव, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।


