सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) गोपीगंज के रामलीला मैदान में आयोजित खादी प्रदर्शनी में भीषण ठंड के बावजूद लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस प्रदर्शनी में वैसे तो सभी प्रकार के सामानों की डिमांड रही, लेकिन जिनके स्टाक खत्म होने की स्थिति में पहुंच गए, उसमें अमरोहा की बेडशीट, चिरई गांव का अचार और उत्तराखंड की जैकेट रही।
भदोहीवासियों ने इस खादी प्रदर्शनी से उत्तराखंड की जैकेट, अमरोहा की बेडशीट, चिरई गांव का अचार के स्टाल पर जमकर खरीददारी की। खादी के उत्पादों पर मिलनेवाली छूट का भी लोगों ने खूब फायदा उठाया। खासकर युवा वर्ग में खादी के प्रति बेहद आकर्षण देखा गया। गुरुवार, 12 जनवरी को प्रदर्शनी का अंतिम दिन है। तीन जनवरी से आयोजित इस प्रदर्शनी में अब तक लगभग 83.50 लाख से ज्यादा की बिक्री हो चुकी है। उम्मीद है कि इस छोटी सी प्रदर्शनी के खत्म होने तक बिक्री का आंकड़ा एक करोड़ के नजदीक पहुंच जाएगा।
सरकार के मंशानुसार स्वरोजगार को बढ़वा देने की उद्देश्य से व आत्म निर्भर भारत अभियान व वोकल पर लोकल की थीम पर आयोजित इस प्रदर्शनी में भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा लाभान्वित उद्यमियों के द्वारा अपने उत्पाद का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, साथ ही बिक्री की जा रही है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि स्वरोजगार की कदम में भदोही की इकाई स्वदेशी कलेक्शन, शिवालय अगरबत्ती उद्योग, सतीश मधुमक्खी पालन उद्योग के भी स्टाल लगे हैं। 12 जनवरी को खादी प्रदर्शनी का समापन समारोह दूसरे पहर एक बजे से आयोजित होगा। प्रदर्शनी का समापन बतौर चीफ गेस्ट जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसपी डा. अनिलकुमार करेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।


