बर्लिन (जर्मनी) : (Berlin) श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके (Sri Lankan President Anura Kumara Dissanayake) ने जर्मनी की आधिकारिक यात्रा के दौरान कल यहां वाल्डोर्फ एस्टोरिया होटल में जर्मन संघीय आर्थिक सहयोग और विकास मंत्री रीम अलाबली-राडोवन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के सामने आने वाली साझा आर्थिक चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित किया।
श्रीलंका के अखबार डेली न्यूज की खबर के अनुसार, दिसानायके और राडोवन ने श्रीलंका और जर्मनी के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के संभावित क्षेत्रों पर व्यापक बातचीत की। राष्ट्रपति ने श्रीलंका और जर्मनी (Sri Lanka and Germany) के बीच द्विपक्षीय सहयोग के दीर्घकालिक इतिहास को स्वीकार किया। साथ ही सीलोन-जर्मन तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में जर्मनी के महत्वपूर्ण योगदान के लिए गहरा आभार व्यक्त किया।
बैठक में विदेश मामलों (Minister of Foreign Affairs), विदेशी रोजगार और पर्यटन मंत्री विजिता हेराथ, जर्मनी में श्रीलंका के राजदूत वरुणी मुथुकुमारना और विदेश मंत्रालय में यूरोप और उत्तरी अमेरिका के महानिदेशक सुगीश्वर गुणरत्ना के साथ अन्य अधिकारी शामिल हुए।