
बेंगलुरु : (Bengaluru) बेंगलुरु एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम (M. Chinnaswamy Stadium) में खेले गए आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (M. Chinnaswamy Stadium) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) (CSK) को 43 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस हार के साथ सीएसके को लगातार तीसरी पराजय का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की शुरुआत धीमी रही, लेकिन बाद के ओवरों में टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की पारी में कुल 19 छक्के और 14 चौके लगे, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।
शुरुआती चरण में विराट कोहली (Virat Kohli) (28) और फिल साल्ट (46) ने टीम को मजबूत आधार दिया। इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे देवदत्त पडिक्कल (50) ने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ते हुए पारी को गति दी। अंतिम ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड (25 गेंदों में 70 रन) ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए आखिरी पांच ओवर में 97 रन जोड़कर स्कोर 250 तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत खराब रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (7) और संजू सैमसन (9) जल्दी आउट हो गए। टीम ने 30 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। इस दौरान सरफराज खान (50) ने कुछ संघर्ष जरूर किया।
मध्यक्रम में कृणाल पांड्या (Krunal Pandya) ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच को पूरी तरह आरसीबी की ओर मोड़ दिया। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने 3 अहम विकेट लेकर सीएसके की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंत में प्रशांत वीर (43) और जेमी ओवरटन (37) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
सीएसके की पूरी टीम 19.4 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने 3 विकेट लिए, जबकि लुकी डफी, कृणाल पांड्या और अभिनंदन सिंह ने 2-2 विकेट झटके। इस जीत के साथ आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है और सीजन में मजबूत शुरुआत की है


