spot_img

Begusarai : बेगूसराय में जहर खाने से मां-बेटी की मौत, एक पुत्री की हालत नाजुक

बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय में रविवार की दोपहर एक मां ने अपने दो पुत्री के साथ जहर खा लिया। जिसमें मां एवं एक पुत्री की मौत हो गई। वहीं, एक पुत्री का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।

घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौरा पंचायत-दो स्थित मरसैती गांव की है। मृतका की पहचान मरसैती निवासी दिवाकर महतो की 35 वर्षीय पत्नी विभा देवी एवं आठ वर्षीय पुत्री रूपा कुमारी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दिवाकर महतो परदेस में रहकर मजदूरी करता है।

एक सप्ताह पहले वह मजदूरी करने बैंगलोर चला गया। घर में विभा देवी अपने दो पुत्री के साथ रहती थी। रविवार को विभा देवी अपने दोनों पुत्री के साथ तेघड़ा बाजार गई। वहां से वापस लौटने के बाद पुत्री अंजली कुमारी एवं रूपा कुमारी के साथ खाना में मिलाकर जहर खा लिया।

थोड़ी देर बाद हालत बिगड़ने पर बड़ी पुत्री अंजली ने हल्ला किया तो आसपास के लोग दौड़े। लेकिन तब तक विभा देवी की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही ग्रामीण के सहयोग से पुलिस बेहोश दोनों बच्ची को सदर अस्पताल ले गई। जहां आईसीयू में इलाज के दौरान रूपा कुमारी की मौत हो गई। जबकि दस वर्षीय अंजलि की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि फोन पर पति से हुए विवाद से आक्रोशित होकर विभा ने पुत्री के संग जहर खा लिया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की गई। मृतका के पति को घटना की सूचना दी गई है। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Explore our articles