बाड़मेर : जिले के धनाऊ थाने के पूंजासर गांव में शादी के 10 दिन बाद ही पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के कुछ घंटों बाद आरोपी पति पड़ोसी के घर पहुंचा। पड़ोसियों को बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। फिर, खुद पानी के टांके में कूद गया। लोगों ने तुरंत युवक को टांके से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी धमेंद्र डूकिया और धनाऊ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला का सेड़वा हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, परिजनों की रिपोर्ट पर मर्डर की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मर्डर के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार पूंजासर के रहने वाले सलीम (58) ने 10 दिन पहले बिहार के मधुबनी जिले की सबाना खातून (26) के साथ शादी की थी। घर में दोनों ही रहते थे। सलीम का खेती का काम है। बीती रात पत्नी घर में सो रही थी। पति ने उसका गला काट दिया। रविवार सुबह सात बजे पति सलीम ने पड़ोसी ढाणी में जाकर घटना की पूरी जानकारी दी। बोला कि पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी है। पड़ोसी ने गांव के लोगों को बताया। 5-6 लोग इकट्ठे होकर उसकी ढाणी गए थे। चारपाई पर विवाहिता सबाना का शव पड़ा हुआ था।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। करीब 8.30 बजे पति सलीम डर के मारे लोगों के सामने में टांके में कूद गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में टांके से बाहर निकाला। धनाऊ हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सांचौर से बाड़मेर रेफर किया गया है। डीएसपी धर्मेंद्र डूकिया ने बताया कि सलीम को सांचौर से बाड़मेर रेफर किया गया है। मौके पर एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने विवाहिता के पीहर पक्ष को भी घटना की सूचना दी है। पुलिस ने आरोपी के परिजनों से रिपोर्ट लेकर मामला दर्ज कर लिया है। विवाहिता के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच में सामने आया है कि सलीम व सबाना की शादी 10 दिन पहले हुई थी। सलीम ने गुजरात के किसी एजेंट के मार्फत सबाना से शादी करवाई थी। शादी करने के बाद बीते 6-7 दिन से पूंजासर गांव में रह रहे थे।


