बारामूला: (Baramulla) उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले से सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित तीन आतंकवादियों के सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बारामूला में सेना के साथ मिलकर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 03 आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करके एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। उन्होंने कहा कि आतंकी सहयोगियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
प्रवता ने बताया कि चुरुंडा उडी में संयुक्त गश्त और क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान बारामूला पुलिस और सेना (16 सिखली) की एक संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जिसने गश्ती दल को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, संदिग्ध को सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया। उसकी पहचान शौकत अली अवान पुत्र अब्दुल करीम अवान निवासी चरुंडा उडी के रूप में हुई। प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से दो ग्रेनेड बरामद हुए।
इसके बाद उसे पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के नाम अहमद दीन पुत्र शुकुर दीन और मोहम्मद सादिक खटाना पुत्र उमर दीन दोनों चुरुंडा उडी के निवासी बताए। बाद में उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खुलासे पर, 02 ग्रेनेड, 01 चीनी पिस्तौल, 1 पिस्तौल मैगजीन, 4 जीवित राउंड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार आतंकवादी सहयोगी पाकिस्तान स्थित आतंकी आकाओं के इशारे पर सीमा पार से हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में शामिल थे और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इसे लश्कर के आतंकवादियों को वितरित करते थे। इस संदर्भ में पुलिस स्टेशन उडी में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई है।
इससे पहले बडगाम जिले से भी सुरक्षा बलों ने गुरुवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हथियार गोला बारूद और आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है।


