spot_img

Ballia: बलिया में सरयू में उफान से कटान तेज, सुरक्षित जगहों पर भेजे गए कई परिवार

सरयू किनारे के लोगों को तत्काल बाढ़ शरणालय में शिफ्ट कराने के निर्देश

बलिया:(Ballia) जनपद से गुजरते हुए बहने वाली सरयू नदी में उफान के चलते बैरिया तहसील क्षेत्र के गोपालनगर में कटान तेज हो गया है। प्रशासन ने सरयू के किनारे के लोगों को बाढ़ राहत शिविरों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि सरयू (पहले घाघरा) में इन दिनों जलस्तर बढ़ा हुआ है। जलस्तर बढ़ने से नदी का बलिया जनपद में बहाव तेज हो गया है। जिसका असर यह है कि कटान होने लगा है। दो दिनों में कटान तेज होने से तटवर्ती गांवों में दहशत है। सबसे अधिक कटान गोपालनगर में हो रहा है। जिसका जायजा जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने भी लिया था।

उन्होंने तटवर्ती लोगों को भरोसा दिया है कि हर परिस्थिति में प्रशासन उनके साथ है। गोपालनगर में कटान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर नदी किनारे घरों को तुरंत खाली कराने में तहसील प्रशासन जुट गया है। सभी लोगों को गोपालनगर प्राथमिक पाठशाला पर बने बाढ़ शरणालय में शिफ्ट करने की तैयारी है। जिलाधिकारी द्वारा बाढ़ खंड के अभियंता को 24 घंटे इस क्षेत्र में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि किसी भी हालत में कोई भी आबादी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। तटवर्ती लोगों के घरों को कटान से बचाने के लिए भी प्रभावी बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि कटान की जद में कोई भी घर ना आए।

जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने इस सम्बंध में कहा है कि गोपालनगर में सिंचाई विभाग, बाढ़ खण्ड और जिला प्रशासन की टीम पूरी तरह से सक्रिय हैं। बाढ़ खण्ड के द्वारा सुरक्षात्मक कार्य भी किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। बाढ़ व कटान से किसी को भी कोई असुविधा न हो, इसका ख्याल रखा जा रहा है। अभी गोपालनगर गांव को खाली कराने की स्थिति नहीं है। किनारे के आठ-दस परिवारों को उनके घरों को खाली कराने को कहा गया है।

Explore our articles