spot_img

Balaghat : यात्री बस ढाबे की दीवार और रेलवे स्टेशन की बाउंड्रीवाल को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हुई, कई यात्री घायल

बालाघाट: (Balaghat) मध्य प्रदेश के बालाघाट (Balaghat district of Madhya Pradesh) जिले में सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां सरेखा रेलवे फाटक के पहले गुरूनानक पेट्रोल पंप के पास एक यात्री बस ढाबे की दीवार और रेलवे स्टेशन की बाउंड्रीवाल को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी चालक को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई है। इस घटना में कई यात्री घायल हो गए है। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार एस कुमार बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 50 एमएफ 6868 सोमवार सुबह बालाघाट से लांजी की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। इस दौरान सरेखा रेलवे फाटक के पहले अचानक बस अनियंत्रित होकर, दीवार और बाउंड्रीवाल तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग मदद के लिए दौड कर पहुंचे और बस के कांच तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। यात्रियों को बस से निकालने वाले पूरनसिंह भाटिया ने बताया कि बस चालक ने पहले एक स्कूटी चालक को टक्कर मारी और उसके बाद चालक ने दीवार में जा घुसी।

घटना की सूचना पाकर तुरंत निजी सहयोग क्लिनिक का नर्सिंग स्टाफ घटनास्थल पर पहुंचा। घायलों को क्लिनिक लाकर उनका प्राथमिक उपचार दिया। यहां से उन्हें एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय लाया गया। सहयोग क्लिनिक के प्रभारी मोहित ने बताया कि हादसे के बाद तत्काल ही हमारे नर्सिंग स्टाफ ने घायलों को प्राथमिक उपचार पहुंचाया। प्रारंभिक तौर से घायलों में बस चालक जगदीश परिहार, यात्री हीराबाई पत्नी पीतम लाल, श्रवणलाल पुत्र अमीलाल गोंडाने, आनंद पुत्र दिलीप सोनी, रूपवंती पत्नी योगेंद्र मोहारे, चंपाबाई रहांगडाले, गजेंद्र पुत्र दिलीप पगरवार, जशिका पुत्री योगेंद्र मोहारे, तीजा पत्नी गणेश मस्करे के नाम सामने आए है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

Explore our articles