spot_img

Azamgarh : आजमगढ़ में जल्द लगेगा उद्योग धंधा, नौजवानों मिलेगा रोजगार : निरहुआ

सांसद निरहुआ ने 54 दिव्यांगों में बांटे ट्राईसाइकिल
तमसा नदी को नमामि गंगे से जोड़ने के लिए लिखा गया है पत्र
एक वर्ष में जितना काम हुआ, उतना तीन वर्ष में अखिलेश यादव ने नहीं किया
आजमगढ़: (Azamgarh)
आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि आजमगढ़ में जल्द ही उद्योग-धंधे लगेंगे जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि तमसा नदी को स्वच्छ रखने के लिए नमामि गंगे योजना से जोड़ने के लिए पत्र लिखा गया है। एक सवाल के जवाब में सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि केवल आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि संपूर्ण आजमगढ़ जनपद जिसमें लालगंज भी आता है, को भी चमकाने का कार्य हो रहा है।

सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने मंगलवार को नगर से सटे भंवरनाथ में अपने कार्यालय पर परिसर में 54 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरण के बाद कहा कि दिव्यांगजनों को लगातार उपकरण मुहैया कराए जा रहे हे। यही नहीं दिव्यांगों को अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है। इसके लिए दिव्यांगों को ढूंढ़ा जा रहा है और उनको उपकरण व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं जिससे उनकी परेशानी दूर की जा सके।

इस दौरान समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि पूर्व सांसद रहे अखिलेश यादव ने तीन वर्षो में जो कार्य नहीं किया, उससे अधिक कार्य केवल एक वर्ष में ही हए हैं। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की जनता ने मुझ पर भरोसा किया और मैं जनता की आवाज को पीएम नरेन्द्र मोदी, सीएम योगी से लगायत प्रत्येक मंत्री तक पहुंचाने का काम करता हूं और जनता की समस्याओं का निदान कराना मेरी प्राथमिकता है।

सांसद निरहुआ ने कहा कि आजमगढ़ को चमकाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है। सड़कों के निर्माण के लिए भी प्रस्ताव दिए गए हैं। तमसा नदी को साफ रखने के लिए नमामि गंगे प्रोजेक्ट से जोड़ने के लिए पत्र लिखकर निवेदन किया गया है। उन्होंने कहा कि हम आजमगढ़ में उद्योग लगाने की योजना पर लगातार काम कर रहे हैं ताकि यहां के लोगों को रोजगार मिले। इसके लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के बीच में उद्योग लगाने का काम होगा। इस पर सरकार कार्य कर रही है। सांसद निरहुआ ने कहा कि हम केवल आजमगढ़ लोकसभा ही नहीं, बल्कि लालगंज लोकसभा के लिए कार्य कर रहे हैं। उसको भी चमकाने का काम हो रहा है। लोकसभा क्षेत्र के आधार पर भेदभाव नहीं बल्कि संपूर्ण आजमगढ़ जनपद को चमकाने का कार्य किया जा रहा है ।

Explore our articles