
औरंगाबाद: (AURANGABAD) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के 25वें दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को कहा कि क्षेत्र आधारित शोध से समाज में सामाजिक-आर्थिक बदलाव आएगा।गडकरी ने कहा कि संस्कारी होना शिक्षा प्राप्त करने जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की शालीनता का हवाला दिया, जिन्होंने (बच्चन) एक कार्यक्रम के दौरान एक बार समय निकालकर उनसे मिलने के लिए उत्सुक दो स्कूली छात्रों से बात की थी।
उन्होंने सभा को बताया, “मैं उस समय अमिताभ बच्चन के साथ था। जिस तरह से उन्होंने स्कूल के दो छात्रों का सम्मान किया, मैंने उनसे सीखा। मेधावी होना और एक अच्छा मुनष्य होना समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। एक अच्छे मनुष्य के रूप में स्वीकार किया जाना किसी भी डिग्री से बड़ा है।”उन्होंने जोर देकर कहा, “क्षेत्र आधारित अनुसंधान समाज में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन लाएगा। सामाजिक-आर्थिक विकास और गरीबों के जीवन में परिवर्तन शिक्षा के माध्यम से लाया जाना चाहिए।”गडकरी और महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री कमल किशोर कदम को इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा मानद डॉक्टर ऑफ लिटरेचर (डी.लिट) की उपाधि से सम्मानित किया गया।


