spot_img

Auraiya : ऑपरेशन करते समय युवक की मौत

आक्रोशित परिजन शव को लेकर पहुंचे थाना, पुलिस ने कराया शांत

औरैया : फफूंद थाना इलाके के गांव निवासी एक युवक का बंगाली के नाम के झोला छाप ने भगंदर का ऑपरेशन कर दिया। आपरेशन के बाद ब्लड बंद न होने से युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे औरैया ले गए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आक्रोशित परिजन भीड़ के साथ शव को थाने ले आए और स्वास्थ्य विभाग के संरक्षण में फल फूल रहे झोला छापों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। भीड़ देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। अजीतमल सीओ और एसओ के कार्यवाही का भरोसा देने के बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता की तहरीर पर झोलाछाप बंगाली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना क्षेत्र के गांव रोशनपुर निवासी ब्रजेश कुमार का 24 वर्षीय पुत्र आदेश कुमार उर्फ सोनू मजदूरी करता था। उसे भगंदर की बीमारी थी जिसको लेकर वह परेशान रहता था। इलाज कराने के लिए वह गुरुवार की शाम वह पिता के साथ कस्बे के बकरमंडी मोड़ पर बंगाली के नाम से दुकान किए एक झोलाछाप के पास पहुंचा। उसने ऑपरेशन करने को कहा, जिस पर वह तैयार हो गया और झोलाछाप ने उसका ऑपरेशन करने लगा। इसी बीच कोई गलत नस कट जाने से इसकी रक्तस्राव शुरू हो गया। हालत बिगड़ती देख परिजनों से उसे बाहर ले जाने की कहते हुए झोलाछाप दुकान बंद करके फरार हो गया। औरैया ले जाते समय रास्ते में युवक की मृत्यु हो गई। परिजन ग्रामीणों की भीड़ के साथ एक कार में शव लेकर थाने पहुंच गए। आनन फानन पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी, लेकिन मृतक के परिजन और ग्रामीण स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।

सीओ अजीतमल भरत पासवान और थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पिता ब्रजेश कुमार ने सुधीर उर्फ बंगाली के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ अजीतमल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। मृतक की एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी शिवानी का हाल बेहाल है।

Explore our articles