
रंगिया : असम पुलिस ने सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी को हत्या के एक मामले में तेजपुर स्थित सेना के चतुर्थ कोर मुख्यालय से गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक के अधिकारी ने 36 वर्षीय महिला की हत्या की बात कबूल कर ली है। महिला का शव 15 फरवरी को कामरूप जिले के चांगसारी इलाके में एक बोरे में मिला था।
कामरूप के पुलिस अधीक्षक हितेश चंद्र रॉय ने बताया, ‘‘पुलिस दल ने शुक्रवार रात तेजपुर से सेना के अधिकारियों की उचित अनुमति के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया।’’
उन्होंने कहा, “उसे उत्तरी गुवाहाटी पुलिस थाने में रखा गया था और आज पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल कर ली है। फिलहाल, आरोपी न्यायिक हिरासत में है।”
रॉय ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी का पीड़िता के साथ संबंध था। पीड़िता तमिलनाडु की रहने वाली थी और उसकी पिछली शादी से उसे चार साल की एक बेटी थी।
उन्होंने कहा, “महिला ने हाल ही में अपनी बेटी के साथ राजधानी एक्सप्रेस से गुवाहाटी की यात्रा की थी। उसके फोन विवरण के अनुसार, उसने तब से फोन पर आरोपी से 138 बार संपर्क किया था।”
रॉय ने कहा कि सेना के अधिकारी के हावड़ा स्टेशन जाने और बच्ची को वहां छोड़ने का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची कामरूप पुलिस की हिरासत में है और अब उचित निगरानी में है। अपराध में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


