
अररिया : अररिया के सिकटी प्रखंड क्षेत्र के मुरारी पूर्व वार्ड संख्या 2 में शुक्रवार को एक ही परिवार की तीन बच्चियां संदिग्ध हालत में बेहोश मिली।जिसके बाद परिजन ने आनन-फानन में पहले सिकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्हें भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चियों को अररिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।सदर अस्पताल में भी चिकित्सक ने गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल एक बच्ची को हायर सेंटर पूर्णिया रेफर कर दिया है।
सिकटी थाना क्षेत्र के मुरारीपुर वार्ड संख्या 2 में दोपहर बाद मोहम्मद आलम की पांच साल की बेटी उजमा खातून,तीन साल की बेटी अंजली खातून और मो.अख्तर के एक साल की बेटी सागर प्रवीण घर में बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी थी।जबकि बच्ची की मां बीबी संजीदा खातून बच्चों को खाना खिला कर खेत की ओर जलावन के लिए लकड़ी इकट्ठा करने के लिए गई थी। घर में ही तीनों बच्चियां खेल रही थी। इसी दौरान मोहम्मद आलम जब घर पहुंचा तो पाया कि तीनों बच्चियां बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी हुई है। जिसके बाद कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चियों को सबसे पहले सिकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चियों की गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल में अधीक्षक डॉ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में चिकित्सकों का दल तीनों बच्चियों का इलाज कर रहे हैं। तीन बच्चियों में एक बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिसे हायर सेंटर पूर्णिया रेफर कर दिया गया है।
बेहोशी की हालत में मिली बच्चियों के एक्सपायरी दवा खा लेने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने भी चिकित्सक को घर में रखे दवाई के खा लेने के कारण बच्चियों के बीमार होने की बात कही।बहरहाल तीनों बच्चियों को सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।


