spot_img

Almora : डोल आश्रम में मुख्यमंत्री ने 11 सौ कन्याओं का किया पूजन

अल्मोड़ा में तीन नये पार्किंग स्थल विकसित करने का ऐलान

आश्रम के संस्कृत विद्यालय को अपग्रेड करने के होंगे प्रयास

अल्मोड़ा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को डोल आश्रम पहुंचकर श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। यहां उन्होंने एक हजार एक सौ कन्याओं का पूजन किया और नर-नारायण मूर्तियों का अनावरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर तीन नये पार्किंग स्थल विकसित किये जाएंगे तथा आश्रम में जो संस्कृत विद्यालय संचालित किया जा रहा है, उसकाे महाविद्यालय बनाने या विश्वविद्यालय बनाने का प्रयास किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान श्रीयंत्र की पूजा-अर्चना की और देश एवं प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि परम पूज्य महाराज कल्याणदास ने एक साधक के रूप में पांच दशकों तक लगातार साधना की और सम्पूर्ण भारत वर्ष के अन्दर अनेक ऐसे प्रकल्प तय किये, जिनके माध्यम से सामान्य या गरीब के घर में पैदा होने वाले लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधाएं देने और उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि इस आश्रम में जिस प्रकार से श्रीयंत्र स्थापित किया है, आने वाले समय में केवल भारतवर्ष ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व के लोग इस आश्रम में शान्ति, आध्यात्म और संस्कृति को जानने के लिए आयेंगे। इस अवसर पर उन्होंने सभी को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं और महात्मा बुद्ध के धर्म, शान्ति एवं अंहिसा के मार्ग पर चलने को कहा। उन्होंने कहा कि बाबा की सोच है कि आने वाले समय पर यहां से पलायन पर रोक लगे और यहां के लोगों को यहीं पर कार्य करने का अवसर मिले। इस क्षेत्र में यह केन्द्र सभी के अन्दर कहीं न कहीं जागृति लाने कार्य एवं उस दिशा में प्रेरित करने का कार्य भी कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आश्रम एक ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है। वहीं युवाओं को भारतीय संस्कृति के बारे में शिक्षित करने का कार्य भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये उत्तराखण्ड का संकल्प लेकर निरन्तरता से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि लैण्ड जिहाद के तहत हुए अतिक्रमण को भी समाप्त किया जायेगा तथा समान नागरिक संहिता को लागू किया जायेगा।

इस अवसर पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि महाराज कल्याणदास ने इस क्षेत्र में जो परमार्थ कार्य किए है वह अतुलनीय हैं। विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी ने कहा कि सन्त महात्माओं ने उत्तराखण्ड आकर तपस्या की और आध्यात्म का केन्द्र बनाया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि बाबा ने शिक्षा, चिकित्सा और पलायन रोकने के लिए जो कार्य किये हैं, वह सराहनीय है।

इस अवसर पर पूज्य महाराज कल्याणदास ने कहा कि हमें अपनी जन्मभूमि के लिए बेहतर कार्य करने होंगे। इसके लिए बुरे व्यसनों को त्यागकर आध्यात्म को अपनाना होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, सुभाष पाण्डे, जिलाधिकारी वन्दना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल सहित अनेक अखाड़ों के महंत व जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन स्वामी हरि चैतन्य ने किया।

Explore our articles