spot_img

Alipurduar : अलीपुरद्वार में भीषण हादसा, चार महिला चाय श्रमिकों की मौत

अलीपुरद्वार : (Alipurduar) जिले के हासीमारा एशियन हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार महिला चाय श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, भर्नाबाड़ी चाय बागान (Bharnabari tea garden) की महिला श्रमिक रोज़ की तरह सुबह काम के लिए दूसरे बागान की ओर जा रही थी। तभी डुवर्स ढाबा के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए श्रमिकों ने एशियन हाईवे (Asian Highway) को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Explore our articles