अजमेर : प्रदेश की सबसे सुरक्षित हाई सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा को लगातार बढ़ाया जा रहा है। मंगलवार को हाईटेक टावर लगाने के लिए टेलीकॉम कंपनी की टीम ने जेल का सर्वे किया है। टीम ने जगह को चिह्नित कर लिया है, इसे लेकर रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद यहां टी-एचएसबीसी हाइटेक टावर लगाया जाएगा। वर्तमान में जेल में 3जी जैमर लगे हुए हैं। 5जी टेक्नोलॉजी के सामने यह जैमर काम नहीं कर रहे थे।
जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि जल्द ही टी-एचएसबीसी टावर लगेंगे। मंगलवार को टेलीकॉम कंपनी से जुड़े छह प्रतिनिधियों की टीम ने सर्वे किया है। टीम ने सर्वे कर टावर लगाने वाली जगह को चिह्नित कर लिया है। इसकी एसओपी भी तैयार कर ली गई है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद जल्द जेल परिसर में टावर लगेगा। हाई सिक्योरिटी जेल में वर्तमान में 3जी जैमर लगे हुए हैं। लेकिन धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी बढ़ती जा रही है। यहां 5जी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके चलते 3जी जैमर काम नहीं कर रहे थे। इसी कारण जेल में बैठे कैदी मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद जेल में हाइटेक टावर लगाने का निर्णय किया गया।


