spot_img
HomeAhmedabadAhmedabad : गुजरात में तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी, मतदान...

Ahmedabad : गुजरात में तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी, मतदान के दिन 7 मई को भी रहेगी तेज गर्मी

अहमदाबाद : (Ahmedabad) मौसम विभाग (Meteorological Department) ने गुजरात में आगामी 3 दिनों के लिए येलो अलर्ट का अनुमान जताया है। सौराष्ट्र-कच्छ समेत दक्षिण गुजरात के कई जिलों में यलो अलर्ट के साथ हीटवेव की चेतावनी दी गई है। अहमदाबाद में शुक्रवार को लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 9 बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, तो दिन के 11 बजे ही 34 डिग्री ने भीषण गर्मी का अहसास दिला दिया।

गुजरात में 7 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। मौसम विभाग के अनुसार 7 मई को गुजरात के अधिकांश जिलों में हीटवेव का असर होगा। तापमान 43 डिग्री तक जा सकता है। मतदान के दिन अहमदाबाद का तापमान सीजन के अधिकतम स्तर को छू सकता है।

मौसम विभाग के निदेशक अशोक कुमार दास के अनुसार आगामी 3 दिन तक गुजरात के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान यथावत रहेगा, यानी 40 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके अलावा अहमदाबाद और आसपास के जिलों समेत सौराष्ट्र-कच्छ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहने की संभावना है। अहमदाबाद का अधिकतम तापमान आगामी 3 दिनों तक अधिकतम 42 डिग्री तक जा सकता है। इसके अलावा 7, 8 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद एक डिग्री कम होकर 42 डिग्री होने की संभावना है। सौराष्ट्र-कच्छ जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहेगा। आगामी 3-5 दिन तक सौराष्ट्र-कच्छ के चार जिलों में हीटवेव का असर रहेगा। इसमें कच्छ, पोरबंदर, गिर-सोमनाथ और भावनगर में हीटवेव समेत येलो अलर्ट घोषित किया गया है। हाल में गुजरात ऊपर आने वाले उत्तर पश्चिम दिशा की ओर से हवा बह रही है। इससे गुजरात का वातावरण शुष्क रहने की संभावना है।

भौगोलिक दृष्टि से भारत में गुजरात का सबसे लंबा समुद्री किनारा है। यह करीब 1600 किलोमीटर लंबा है। आगामी 5 दिनों तक गुजरात के समुद्र किनारे वाले क्षेत्र यानी कच्छ का अखात से लेकर खंभात तक दक्षिण गुजरात के हिस्सों समेत सभी समुद्री किनारे वाले क्षेत्र में गर्म नमी युक्त हवा का असर रहेगा, जिससे लोगों को असुविधा होगी।

अहमदाबाद और आसपास के जिलों में शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री में पहुंचने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। एक दिन पहले गुरुवार को अहमदाबाद का तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा राज्य के अन्य 7 शहर का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। वहीं, सबसे अधिक गर्म शहर के रूप में सुरेन्द्रनगर का तापमान रहा, जो कि 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर